बिहार के सासाराम में पिकनिक मनाने गए लोग अचानक झरने के पानी आने से फंस गए। दरअसल, बिहार में करीब 1 महीना वेट करने के बाद मानसून आया है। ऐसे में अब कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। वहीं, नेपाल में भी भीषण बारिश हो रही है। इसके कारण नेपाल से सटे इलाके सासाराम में नदियों से लेकर वॉटरफॉल का जलस्तर बढ़ गया है।
इसी कड़ी में बुधवार को एक नजारा देखने को मिला। रोहतास के कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में बुधवार को हुई बारिश के बाद वॉटर फॉल्स में जलस्तर अचानक बढ़ गया। वहीं, अमझोर स्थित कशिश वॉटर फॉल में भी बारिश के बाद अचानक जलस्तर बढ़ गया। इससे जलप्रपात में करीब 30 से ज्यादा सैलानी फंस गए। फिर सभी ने हिम्मत करके एक-दूसरे का हाथ थामा और जल सैलाब से धीरे-धीरे कर बाहर निकले। सभी सुरक्षित बाहर निकल गए हैं। लोगों द्वारा इसका वीडियो बनाया गया, जो अब वायरल हो रहा है।
कशिश वॉटरफॉल में पर्यटक पिकनिक मनाने और प्राकृतिक सुदंरता देखने पहुंचे थे। लोग अपनी मस्ती में मस्त थे। तभी अचानक वॉटरफॉल में पानी का बहाव बहुत तेज हो गया। देखते ही देखते पानी का स्तर बढ़ने लगा। लोग उसी में फंस गए। इस दौरान बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए एक-दूसरे का हाथ पकड़कर कर वॉटर फॉल से बाहर निकल आए।
वॉटरफाल में बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए डेहरी के एसडीएम सूर्य प्रताप सिंह ने बुधवार को चेतावनी जारी की है। जारी चेतावनी में कहा गया है कि काफी अधिक बारिश होने के कारण सभी नहरों और नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में नदियों और नहरों में नहाने, तैराकी या अन्य प्रयोजनों से न उतरें। जान-माल की क्षति संभावित है। कृपया बच्चों का विशेष रूप से ध्यान रखें।