रांची: झारखंड के नवनियुक्त राज्यपाल सीपी राधा कृष्णन ने शनिवार को राजभवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। वही इस दौरान राज्यपाल राधाकृष्णन ने कहा कि विकास के बिना गरीबी दूर नहीं की जा सकती है। वह अपनी पूरी उर्जा और क्षमता के साथ राज्य के विकास के प्रति प्रतिबद्ध रहेंगे। गरीबों और आदिवासियों के उत्थान और उनके जीवन स्तर को सुधारने का प्रयास करेंगे।
मुख्य न्यायाधीश ने राज्यपाल को पद की शपथ दिलाई
झारखंड उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह ने राज्यपाल को पद की शपथ दिलाई। वह इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तेलंगाना के राज्यपाल डॉक्टर तमिलिसाई सौंदराराजन, केंद्रीय सूचना प्रसारण राज्य मंत्री डॉक्टर मुरूगन, विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो, झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण ,राज्य के मंत्री, सांसद, विधायक मौजूद रहे।
बिरसा मुंडा की जन्मस्थली आकर बहुत अच्छा लगा
वही राज्यपाल राधाकृष्णन ने शपथ ग्रहण के बाद बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू पहुँचे। उलिहातू में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और नमन किया वही उन्होंने कहा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली आकर बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं। 123 वर्ष पूर्व भगवान बिरसा की क्रांतिकारी आंदोलन को आज भी लोग स्मरण करते हैं। विश्व में 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में भारत ने अपनी जगह बनाई है यह सब हमारे वीर सपूतों के बलिदान की बदौलत संभव हो सका है। ऐसे वीरों का स्मरण कर हम अपने देश और राज्य को विकास की ओर आगे ले चलेंगे। पहली बार मुझे यहां आने का मौका मिला यहाँ के लोग बहुत सरल और सीधे हैं। भगवान बिरसा मुंडा से प्रार्थना करता हूँ कि राज्य का भविष्य बेहतर हो।