RANCHI : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने आज 17 दिनों के अथक परिश्रम के बाद उत्तराखंड टनल में फंसे सभी मजदूरों के सुरक्षित बाहर निकाले जाने पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त की है। मरांडी ने कहा कि यद्यपि लंबे समय तक श्रमिक भाइयों को भय एवं दहशत की जिंदगी गुजारनी पड़ी लेकिन उनका सुरक्षित बाहर आना एक अविस्मरणीय सुखद पल है, जिसे शब्दों में व्यक्त नही किया जा सकता। मरांडी ने भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवम उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन में यह बचाव एवं राहत कार्य सफल हुआ। मजदूरों के बचाव एवम राहत कार्य में लगे केंद्र एवम उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों, NDRF टीम के प्रति उनके प्रयास एवम परिश्रम केलिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के सभी मजदूर सुरक्षित लौट रहे हैं। राज्य सरकार से अनुरोध किया उनके लिए विशेष सहायता एवम स्थानीय स्तर पर ही उनके लिए रोजगार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मजदूरों के सुरक्षित बाहर निकाले जाने पर मनी दिवाली

उत्तराखंड टनल में फंसे मजदूरों के सुरक्षित बाहर आते ही भाजपा प्रदेश कार्यालय में खुशियां मनाई गई। प्रदेश कार्यालय में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी,प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह,प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय,विधायक अनंत कुमार ओझा सहित कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर मनाई खुशियां। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी सहित सहायता कार्य में जुटे सभी का आभार प्रकट किया।




















