चुनावी साल में पंजाब में पूर्ण बहुमत की सरकार के मुखिया को कांग्रेस ने बदल दिया। कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाकर कांग्रेस आलाकमान ने चरणजीत सिंह चन्नी को नया मुख्यमंत्री चुन लिया था। तब जो आरोप-प्रत्यारोप शुरू हुए, आज भी जारी हैं। लेकिन अब इसमें कांग्रेस की स्टार प्रचारक और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) भी शामिल हो गई हैं। चुनाव प्रचार करने पंजाब पहुंची प्रियंका ने कैप्टन अमरिंदर सिंह पर बड़ा आरोप लगाया है। साथ ही उन्हें हटाने की वजह भी कोटकपुरा की रैली में बताई है।
20 फरवरी को होना है मतदान
पंजाब में विधानसभा चुनाव 20 फरवरी को होना है। सभी 117 सीटों के लिए चुनाव एक ही फेज में होगा। कांग्रेस सत्तारूढ़ दल है और विपक्ष में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और शिरोमणी अकाली दल है। चुनाव प्रचार जारी है और हर दिन नए नए बयान सामने आ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस छोड़ चुके हैं और अपनी पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) शुरू की है। पीएलसी भी चुनाव लड़ रही है।
दिल्ली से चल रही थी सरकार : प्रियंका
रविवार को पंजाब के कोटकपुरा में रैली करते हुए प्रियंका गांधी ने सभी विरोधियों पर निशाना साधा। इसी रैली में उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाने का कारण भी बताया। कैप्टन का नाम लिए प्रियंका ने कहा कि पूर्ण बहुमत की चल रही सरकार के मुख्यमंत्री को बदलने के पीछे बड़ी वजह है। प्रियंका गांधी ने बताया कि जब पंजाब की सरकार दिल्ली से चलने लगी, तो मुख्यमंत्री बदलना पड़ा। सरकार कांग्रेस की थी लेकिन दिल्ली से भाजपा के इशारों पर चलने लगी थी। इसलिए उस सरकार को बदलना पड़ा।