[Team Insider] झारखंड के विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने लालू यादव के ट्रीटमेंट के दौरान मुहैया कराए जाने वाले सुविधाओं पर तंज कसा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने शुक्रवार को कहा है कि झारखंड में लालू प्रसाद को एक कैदी की तरह कम और राजकीय अतिथि की तरह ज्यादा ख्याल रखा जा रहा है।
कानून का अनुपालन भी बहुत आवश्यक
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि लालू जब डेंटल अस्पताल चेकअप के लिए जाते हैं, तो बिना अनुमति के उनके साथ राजद नेता भोला प्रसाद भी उसी एंबुलेंस में मौजूद रहते हैं और पुलिस कहती है कि उसे पता ही नहीं। बेशक लालू प्रसाद को चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए। लेकिन नियम कानून का अनुपालन भी बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार को याद रखना चाहिए कि लालू प्रसाद सजा काट रहे एक कैदी हैं स्टेट गेस्ट नहीं।
5 साल की सजा और 60 लाख का लगाया गया है जुर्माना
दरअसल चारा घोटाले के डोरंडा कोषागार से लगभग 139 करोड़ अवैध निकासी के मामले में लालू यादव को 5 साल की सजा और 60 लाख का जुर्माना लगाया है। हालांकि कई गंभीर बीमारियों से ग्रस्त होने की वजह से लालू यादव का इलाज रिम्स में चल रहा है। वह पेइंग वार्ड में है और वहां से चेकअप के लिए अन्य विभागों में ले जाया जाता है।