उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों (28 जनवरी 2024 से 08 फरवरी 2025) में बिहार की बेटी खुशबू कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। मधुबनी जिले के भवानीपुर लक्ष्मीपुर पंडौल प्रखंड की निवासी खुशबू ने अपनी सहयोगी पायल प्रीति और निखत के साथ मिलकर विमेन ट्रिपल्स लॉन बाउल्स स्पर्धा में पश्चिम बंगाल को 16-14 से हराया। इस स्वर्ण पदक की खास बात यह है कि बिहार को 25 साल बाद इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक मिला है।
संघर्ष से सफलता तक – मध्यमवर्गीय परिवार की मिसाल
खुशबू कुमारी का सफर आसान नहीं था। वह एक मध्यमवर्गीय परिवार से आती हैं, जहां उनके पिता राम जतन यादव किसान हैं और माता आशा देवी एक आशा कार्यकर्ता के रूप में काम करती हैं। खुशबू ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केजीबीवी पंडौल से की और वहीं से आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की।
लॉन बाउल्स में उनकी यात्रा नौ साल पहले शुरू हुई, जब उन्होंने इस खेल को गंभीरता से अपनाया। उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर एक पहचान दिलाई। इस साल उन्होंने जेएमडीपीएल महिला कॉलेज से विज्ञान संकाय में इंटर और स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
खुशबू न केवल लॉन बाउल्स बल्कि अन्य खेलों में भी हमेशा अव्वल रही हैं। उनकी देखरेख करने वाली कस्तूरबा की वार्डेन अवंतिका रानी ने बताया कि खुशबू बचपन से ही अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ निश्चयी थी। खुशबू इससे पहले दिल्ली में आयोजित लॉन बाउल्स राष्ट्रीय चैंपियनशिप में विमेन फोर्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा, 2020 के खेलो इंडिया यूथ गेम्स में उन्होंने विमेन पेयर्स स्पर्धा में बिहार को स्वर्ण पदक दिलाया था।