बिहार के कैमूर में दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। आज सुबह कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के चिलबिली के पास एनएच 19 पर खड़े कंटेनर ट्रक में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दिया, जिससे स्कॉर्पियो में सवार रहे एक महिला सहित तीन लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, वहीं चार लोग घायल हो गए। घटना सुबह 5:30 बजे की बताई जा रही है।
महाकुंभ से लौट रही श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त.. दो की मौत, छह घायल
जानकारी के मुताबिक, झारखंड के धनबाद से कुछ लोग स्कॉर्पियो पर सवार होकर प्रयागराज गए थे। महाकुंभ में स्नान करने के बाद सभी लोग वापस घर लौट रहे थे, तभी कुदरा थाना क्षेत्र के चिलबिली के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियों ने एनएच पर सड़क किनारे खड़े कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार महिला समेत तीन लोगों की जान चली गई जबकि चार लोग बुरी तरह से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतको के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। गंभीर रूप से घायल लोगों के बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर किया गया है। मौके पर एनएचआई की टीम भी पहुंची और घटना की जानकारी ली है।

मृतकों की पहचान धनबाद के सीकरी गांव निवासी 55 वर्षीय रजित खान, सीकरी गांव के ही रंजीत पासवान की 35 वर्षीय पत्नी सुधा देवी और लखीसराय के एटा गांव निवासी श्रीनारायण मंडल की 22 वर्षीय बेटी सोनी कुमारी शामिल हैं। वहीं हादसे में मौत के शिकार हुए लोगों के परिजन घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है।