केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एक ऐसा बयान दिया जिससे प्रदेश में एक नई सियासत शुरू हो गई है। दरअसल, चिराग ने यह कहा था कि वे ज्यादा समय केंद्र की राजनीति में नहीं रहना चाहते। उनको प्रदेश बुला रहा है। अब उनकी पार्टी की तरफ से भी कुछ ऐसी ही आवाज़ उठने लगी है। लोजपा रामविलास के सांसद अरुण भारतीय आज दिल्ली से पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया कर्मियों द्वारा किए गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल सही बात है कि चिराग पासवान ने हमेशा बिहार को बनाया है। बिहार का विकास किया है। इस समय अगर पार्टी का आदेश होगा तो चिराग पासवान बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे।

इस सवाल पर कि क्या लगता है कि चिराग मुख्यमंत्री के दावेदार भी होंगे? इस पर उन्होंने कहा कि यह बात गठबंधन के बड़े नेता तय करेंगे। गठबंधन के अंदर यह सारी बातें होने वाली है हमारी। और पार्टी के सभी लोगों की महत्कांक्षा है कि चिराग पासवान जी बिहार में एक बड़ी जिम्मेदारी संभाले। बिहार प्रभारी होने के नाते मैं जिस पंचायत गांव मोहल्ले में गया वहां सभी लोग चाहते हैं कि चिराग पासवान बिहार में आकर बड़ी जिम्मेदारी संभाले।
बता दें कि हाल ही में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा था कि मेरी राजनीति की नींव ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ पर टिकी हुई है। मेरा प्रदेश मुझे बुला रहा है। मेरे पिता रामविलास पासवान केंद्र की राजनीति में ज्यादा सक्रिय थे, लेकिन मेरी पहली प्राथमिकता बिहार है। मैं ज्यादा समय तक केंद्र में नहीं रह सकता। उन्होंने हालांकि स्पष्ट किया था कि 2025 का विधानसभा चुनाव खुद नहीं लड़ेंगे, लेकिन 2030 के विधानसभा चुनाव से पहले बिहार की राजनीति में लौट आएंगे।