बिहार में एसआईआर के विरोध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा चल रही है जिसमें बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत इंडिया अलायंस का पूरा कुनबा शामिल है। जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने राहुल गांधी पर बड़ा तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि अगर लालू राज होता तो एक दिन में पटना से दरभंगा भी नहीं पहुंच पाते। नीतीश कुमार ने रोड बनवा दिया कि बाइक की सवारी कर रहे हैं।
संजय झा नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यकाल और उनके बेटे निशांत कुमार के राजनैतिक भविष्य पर खुलकर बोले। कहा कि नीतीश कुमार को बर्बाद बिहार की विरासत मिली जिसे उन्होंने अपने कुशल नेतृत्व में संभाल दिया। बिहार के लोगों को उनके नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। अगला चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जाएगा और वे ही अगले सीएम बनेंगे। उनके प्रति अभी भी प्रो इन्कंबेंसी है।
संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार जब 2005 में बिहार के मुख्यमंत्री बने तो उन्हें गुजरात या महाराष्ट्र जैसे राज्य वाली स्थिति नहीं मिली जहां सबकुछ सेट है और आकर सीधे काम शुरू कर देना है। यह बाद विपक्ष को खराब लग रहा है लेकिन उनकी सरकार होती तो एक दिन में पटना से दरभंगा या मधुबनी भी नहीं पहुंच पाते। नीतीश कुमार ने पूरे राज्य में अच्छी सड़कें बनवा दी तो राहुल गांधी बाइक पर चल रहे हैं। अपनी सरकार में नहीं चल पाते।






















