बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सीधी चोट की है। मोतिहारी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए धामी ने राहुल पर सभ्यता, संस्कार और संस्कृति की कमी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे हैं और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 हम विकास करने वाले हैं, बहकावे में नहीं आए, फिर से एनडीए को जिताएं : नीतीश
धामी ने जोरदार शब्दों में कहा, “देश सभ्यता, संस्कार और संस्कृति से चलता है। ये तीनों राहुल गांधी में नहीं हैं। प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते वे देश का विरोध करने लगे हैं। वे तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। राहुल गांधी और महागठबंधन सनातन संस्कृति का भी उपहास उड़ाते हैं।” उन्होंने बिहार की जनता से अपील की कि आगामी चुनाव में इसकी सजा देंगी और परिणाम स्पष्ट दिखाएंगी।
यह बयान बिहार चुनावी माहौल में एनडीए और महागठबंधन के बीच तनाव को और गहरा करने वाला है। धामी की यह रैली एनडीए के प्रचार अभियान का हिस्सा थी, जहां उन्होंने बिहार के विकास और सांस्कृतिक मूल्यों पर जोर दिया। उधर, राहुल गांधी ने हाल ही में मुजफ्फरपुर में अपनी सभा में पीएम मोदी और नीतीश कुमार पर निशाना साधा था, जिसके जवाब में पीएम मोदी ने भी छठ पूजा वाले बयान पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया।






















