Bihar AI Video: बिहार की राजनीति में इन दिनों एक एआई जनरेटेड वीडियो ने भूचाल ला दिया है। वोट अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित बयान और उसके बाद कांग्रेस के एक्स हैंडल से साझा किए गए इस वीडियो ने सियासी माहौल को और गर्मा दिया है। वीडियो महज 36 सेकेंड का है, लेकिन इसके कंटेंट ने सत्ता और विपक्ष के बीच जबरदस्त टकराव खड़ा कर दिया है।
गुरुवार देर रात पोस्ट किए गए इस एआई वीडियो में पीएम मोदी जैसे दिखने वाले एक व्यक्ति और उनकी दिवंगत मां हीराबेन जैसी दिखने वाली महिला को दिखाया गया है। वीडियो का टाइटल रखा गया है— “साहब के सपनों में आईं मां।” इसमें दिखाया गया है कि पीएम के सपनों में उनकी मां आकर उनसे सवाल कर रही हैं— “राजनीति के लिए कितना गिरोगे?” वीडियो में महिला यह भी कहती नजर आती हैं कि नोटबंदी के समय लाइन में खड़ा किया, पैर धोने की रील बनाई और अब बिहार में उनके नाम पर राजनीति कर रहे हो।
इस वीडियो को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता अरविंद सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने राजनीतिक बहस को नीचता की हद तक गिरा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की स्वर्गवासी माता का एआई वीडियो बनाना और उसे सार्वजनिक करना सिर्फ राजनीतिक लाभ उठाने की घटिया कोशिश है। उनके मुताबिक, “कांग्रेस को मां-बेटे की भावना का अंदाजा ही नहीं है, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण कदम है।”
Bihar Election 2025: तेजस्वी यादव ही होंगे सीएम उम्मीदवार.. कांग्रेस सांसद ने लगा दी मुहर
बिहार भाजपा ने भी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस वीडियो को री-पोस्ट कर कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया। पोस्ट में लिखा गया कि कांग्रेस बार-बार पीएम मोदी की स्वर्गवासी माता का अपमान कर रही है और अब नकली वीडियो बनाकर उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही है।
मामले पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस शर्मनाक हरकत के लिए सामाजिक और कानूनी दोनों स्तर पर सजा मिलनी चाहिए। सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब फ्रॉड और दुराचारी राजनीति का रास्ता अपना रही है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व को समझना चाहिए कि इस तरह की हरकतें अंततः उन्हीं पर भारी पड़ेंगी।






















