भारतीय जनता पार्टी आज अपना 45वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में झंडोत्तोलन किया गया। और 45 किलो मिठाई भी बांटी गई। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और सम्राट चौधरी, मंत्री मंगल पाण्डेय, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेतागण एवं सम्मानित कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी का आज स्थापना दिवस है। पार्टी के स्थापना काल से आज तक पार्टी को सींचने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी ,अटल बिहारी वाजपेई, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी ने इसे दुनिया की सबसे बड़ी पार्ट बनाने का काम किया। इस देश की विचारधारा, विरासत एवं संस्कृति को प्राथमिकता देने वाला भारतीय जनता पार्टी आने वाले समय में पूरे विश्व में भारत का विश्व गुरु बनाने का काम करेगा।
स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरे दुनिया में भारत का झंडा ऊंचा रहे इसका हम लोग प्रण ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि हमारे कार्यकर्ता प्रदेश, जिला और बूथ स्तर पर बहुत ही धूमधाम से स्थापना दिवस मना रहे हैं।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि भाजपा के संस्थापकों ने अखंड भारत बनाने का जो सपना देखा था वो नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरा हो रहा है। देश में एनडीए एकजुट है। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि आज भाजपा का 45वां स्थापना दिवस पर हमलोग हर्षोलास के साथ मना रहे हैं।