दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी पर निशाना साधते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की। इस पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जोरदार पलटवार करते हुए जवाब दिया है।

उन्होंने दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि कोई ऐसा सगा नहीं जिसको अरविंद केजरीवाल ने ठगा नहीं। एक ही झूठ को बार-बार फैलाने से वह सच्च में नहीं बदल जाता। सच्चाई ये है कि आज तक किसी रोहिंग्या को कोई फ्लैट नहीं दिया गया है। अरविंद केजरीवाल के विधायक ने रोहिंग्याओं को दिल्ली में बसाकर उन्हें मुफ्त में राशन, पानी और बिजली दिया और साथ में 10,000 रुपये भी देकर उनका वोटर आईडी कार्ड भी बनवाया। पूरा देश जानता है कि रोहिंग्या किसके वोटर हैं। बार-बार रोहिंग्याओं का समर्थन करके केजरीवाल भारत की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे हैं। यह बहुत ही घटिया स्तर की राजनीति है।
पुजारियों-ग्रंथियों को हर महीने 18 हजार रुपये… दिल्ली चुनाव से पहले केजरीवाल का एक और दांव
दरअसल, दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा, मेरी इनसे (पुलिस) निवेदन है कि हरदीप पुरी को गिरफ्तार कर लीजिए। उनके पास सारे डाटा हैं। उन्होंने कहां-कहां रोहिंग्याओं को बसाया, ये पोस्ट करके बताया है। ये इतनी मेहनत करने की नौटंकी क्यों कर रहे। इस आरोप पर खुद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने केजरीवाल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए जवाब दिया।