गोपालगंज के चैनपट्टी स्थित न्यू पुलिस लाइन मैदान में रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ऐतिहासिक राजनीतिक रैली होने जा रही है। इस भव्य सभा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जहां तीन विशाल पंडाल और एक भव्य मंच तैयार किया गया है। साथ ही, अमित शाह के आगमन के लिए बगल में हेलीपैड का भी निर्माण कराया गया है। अमित शाह की रैली को सफल बनाने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों से लोग पहुंच रहे हैं।
अमित शाह की महा रैली: बिहार में चुनावी बिगुल फूंकेगा एनडीए!
सारण के मढ़ौरा से भाजपा नेता मनोज सिंह की अगुवाई में दर्जनों गाड़ियों के काफिले में सवार होकर सैकड़ों लोगों का जत्था अमित शाह की सभा में शामिल होने के लिए गोपालगंज रवाना हुआ। इससे पहले मढ़ौरा थाना मैदान में मढ़ौरा विधानसभा के विभिन्न पंचायतो से अलग-अलग गाड़ियों से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता एकत्र हुए। जहां भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

भाजपा नेता मनोज सिन्हा ने इस मौके पर कहा कि वे सभी भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता गृह मंत्री अमित शाह की सभा में उनको सुनने के लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोपालगंज की सभा बिहार में विधानसभा चुनाव का शंखनाद है और आज की अमित शाह की सभा के बाद पूरा बिहार एनडीए के साथ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री की इस सभा में पूर्ण बहुमत से बिहार में एनडीए की सरकार बनाने की नींव रख दी जाएगी।