इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में जाने-माने वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार सिंह को संस्थान की कार्यकारी परिषद के सदस्य के रूप में नामित किया गया है। यह पहली बार नहीं है जब डॉ. सुनील कुमार सिंह को IGIMS के प्रशासनिक ढांचे में जिम्मेदारी दी गई है। इसके पूर्व, वे शासी निकाय के सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और उस दौरान संस्थान के विकास में उनका अहम योगदान रहा। उनके उसी अनुभव, कुशल नेतृत्व और दूरदर्शिता को देखते हुए एक बार फिर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बिहार का यह संस्थान अपनी उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं के लिए जाना जाता है। ऐसे में डॉ. सुनील कुमार सिंह का इस पद पर आना संस्थान के चौतरफा विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित हो सकता है। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से न केवल संस्थान को बल्कि पूरे बिहार के लोगों को फायदा होगा।
इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए डॉ. सुनील कुमार सिंह ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग तथा पूरे स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे इस विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और संस्थान की बेहतरी के लिए हर संभव कदम उठाएंगे।
उनकी इस नियुक्ति पर चिकित्सा जगत के कई प्रतिष्ठित डॉक्टरों और सहकर्मियों ने हर्ष व्यक्त किया। डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. विजय कुमार शर्मा, डॉ. विजय शंकर सिंह, डॉ. रोहित सिंह, डॉ. ममता सिंह, डॉ. वीणा सिंह, डॉ. वर्षा सिंह, डॉ. साकेत, डॉ. अंजू, डॉ. नागेंद्र प्रसाद, डॉ. अनिल, डॉ. सत्यजीत सिन्हा सहित कई चिकित्सकों ने उन्हें बधाई दी और उनके नेतृत्व में संस्थान की नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की कामना की।