बिहार बोर्ड ने आज 10वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस वर्ष तीन स्टूडेंट्स साक्षी कुमारी, अंशु कुमारी और रंजन वर्मा ने 489 अंक प्राप्त कर टॉप किया है। जेपीएन हाई स्कूल नरहन, समस्तीपुर की छात्रा साक्षी कुमारी, भारतीय इंटर कॉलेज गहिरी की छात्रा अंशु कुमारी और उच्च विद्यालय अगिआंव बाजार भोजपुर के छात्र रंजन वर्मा ने बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2025 में 97.8 प्रतिशत हासिल किए हैं। जानिए बिहार बोर्ड मैट्रिक टॉपर्स की प्रेरणादायक सफलता की कहानी।
बिहार बोर्ड दसवीं के टॉपर्स होंगे मालामाल.. पिछली बार से दोगुना मिलेगी ईनाम राशि
जेपीएन हाई स्कूल नरहन, समस्तीपुर की छात्रा साक्षी कुमारी ने 489 अंक प्राप्त कर टॉप किया है। साक्षी अब साइंस स्ट्रीम से पढ़ाई करना चाहती हैं। साक्षी ने कहा कि उनके माता-पिता उनके प्रथम मार्गदर्शक हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और सभी शिक्षकगण को दिया है। साक्षी कुमारी के पिता राम नरेश शर्मा बढ़ई हैं और उनकी माता गृहिणी हैं।
भोजपुर जिले के अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के पिटरो गांव के रहने वाले छात्र रंजन वर्मा ने बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2025 में 97.8 प्रतिशत हासिल किए हैं। रंजन वर्मा भोजपुर जिले के अगिआंव बाजार के रहने वाले हैं। उनके घर में उनकी माता शीला देवी हैं , जो एक गृहिणी हैं। रंजन वर्मा के पिता नहीं हैं। डेढ़ साल पहले ब्रेन हेमरेज से उनके पिता की मृत्यु हो गई थी। उनके पिता एक किसान थे। रंजन ने गणित विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए हैं। रंजन वर्मा ऑनलाइन पढ़ाई करते थे। रंजन वर्मा के पिता पेशे से किसान थे और रंजन वर्मा खुद जब समय मिलता था तो अपने खेत में काम करने चला जाता था और वहीं पर काम करने के बाद पढ़ाई भी जारी रखता था। रंजन वर्मा के इसी लगन ने आज उसे बिहार का टॉपर बनाया है।

डॉक्टर बनना चाहती हैं टॉपर अंशु कुमारी
बिहार बोर्ड कक्षा 10वीं की परीक्षा में 489 अंक हासिल करके बेतिया के नौतन स्थित भारतीय इंटर कॉलेज गहिरी की छात्रा अंशु कुमारी ने बिहार राज्य में टॉप किया है। अंशु ने बताया कि मेरी दीदी शिक्षिका है। वह मेरे ही कॉलेज में पढ़ाती है, उसके मार्गदर्शन में मैंने पढ़ाई की। उसके पढ़ाने से ही मैंने यह सफलता प्राप्त की है। अंशु ने कहा कि वह आगे चलकर इंटर में बॉयोलॉजी से पढ़ाई करेगी। इसके बाद नीट की तैयारी करेगी। अंशु ने बताया कि मेरे पिता भूपेंद्र साह उत्तराखंड के नैनीताल में प्लंबर मिस्त्री का काम करते हैं। माता सविता देवी गृहणी है।