बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। एक ओर राहुल गांधी पटना पहुंचे हैं तो दूसरी ओर जदयू कार्यालय में आज एनडीए की संयुक्त प्रेस कॉन्फेंस हुई है। इस प्रेस कॉन्फेंस में एनडीए गठबंधन के तमाम दलों के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फेंस में एनडीए संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन के चौथे चरण की घोषणा की गई।
एक सीट के लिए तरसेगा विपक्ष
जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बताया कि NDA का जिला सम्मेलन कार्यक्रम जारी है। तीसरे चरण की यात्रा कल से किशनगंज से शुरू होगी। यात्रा के दौरान जनता में उत्साह और विश्वास देखा जा रहा है, जो NDA के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष को हर सीट के लिए संघर्ष करना पड़ेगा।

वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि तीसरा चरण किशनगंज और अररिया से शुरू हो रहा है, जबकि चौथे चरण में 10 जिलों में यात्रा होगी। 28 फरवरी से पहले सभी जिलों में NDA का संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि उम्मीद से ज्यादा संख्या में लोग NDA के सम्मेलनों में शामिल हो रहे हैं। यात्रा की शुरुआत ठंड में हुई थी, लेकिन अब माहौल गर्म हो चुका है।
विपक्ष को आनी चाहिए शर्म
डॉ. जायसवाल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि वे हर जगह मेडिकल कॉलेज खोलवा रहे हैं और बिहार विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। विपक्ष को इस पर टिप्पणी करने से पहले शर्म आनी चाहिए। विपक्ष सिर्फ गाल बजा सकता है, इसके अलावा उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कैबिनेट बैठक का जिक्र करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने एक शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए 1600 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।
कल से शुरु हो रही तीसरे चरण की यात्रा
लोजपा (रामविलास) प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि तीसरे चरण की यात्रा कल से शुरू होगी, जिसमें पंचायत और बूथ स्तर पर NDA के सभी पांचों दलों के कार्यकर्ता संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं के बीच सामंजस्य स्थापित करना था, जिसमें नेतृत्व को सफलता मिली है।

चौथे चरण की घोषणा-
15 फरवरी: खगड़िया, बेगूसराय
16 फरवरी: जमुई, शेखपुरा
17 फरवरी: नवादा
18 फरवरी: पूर्णिया, कटिहार
19 फरवरी: भागलपुर, नवगछिया
20 फरवरी: बांका