बिहार की तीन ग्राम पंचायतों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा। दरअसल सम्मान समारोह नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया था, इस दौरान तीनों पंचायतों को सतत विकास पुरस्कार 2024 दिया गया। बता दें कि स्वस्थ ग्राम पंचायत विषय पर मुजफ्फरपुर के कटरा प्रखंड की जजुआर मध्य पंचायत ने राष्ट्रीय स्तर पत्र तीसरा स्थान प्राप्त किया गया है। इसके अलावा आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा युक्त ग्राम पंचायत विषय पर नालंदा के एकंगरसराय प्रखंड की परथू ग्राम पंचायत को भी तीसरा स्थान और जहानाबाद के मखदुमपुर प्रखंड की पुनहाड़ा पंचायत को सुशासन युक्त ग्राम पंचायत के लिए तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने विजेता पंचायतों को डिजिटल माध्यम से इनामी राशि दी, इधर पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने तीनों ग्राम पंचायतों को बधाई दी है। समारोह में राज्य के 22 जिलों से 48 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, पुरस्कार कार्यक्रम के दौरान विजेता पंचायतों द्वारा किये गये उत्कृष्ट कार्यों पर एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।
बता दें कि दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार-2024 के लिए चयनित बिहार की इन 3 ग्राम पंचायतों में से दो पंचायतों का नेतृत्व महिला मुखिया के हाथों में है, इसमें पुनहाड़ा में निभा कुमारी और परथू में कुमारी तृप्ति कार्यभर देखती हैं। परथू ग्राम पंचायत ने सभी स्कूलों के भवन निर्माण, स्कूलों में पुस्तकालय, कंप्यूटर व इंटरनेट की सुविधा, पेयजल आपूर्ति, लड़कों व लड़कियों के लिए शौचालय निर्माण और पंचायत में खेल के मैदान के निर्माण जैसे उल्लेखनीय कार्य किये हैं। वहीं जजुआर मध्य ग्राम पंचायत ने बेहतर स्वास्थ्य एवं सफाई, आंगनबाड़ी केंद्रों के विकास की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। इधर पुनहाड़ा ग्राम पंचायत ने पंचायत भवनों में नागरिक सेवकारों के आरटीपीएस लागू किया. इसके साथ ही पंचायत एवं बस्तियों के बीच सहयोग में मदद की है।