केंद्रीय मंत्रिमंडल (Central Cabinet) में शामिल होने के बाद आरसीपी सिंह ने आज, 11 फरवरी को बड़ा ऐलान किया है। जिसमें जनता दल यूनाइटेड (JDU) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने कहा है कि वह बिहार दौरे पर निकलेंगे। साथ ही वह अपनी बिहार यात्रा के दौरान एनडीए सरकार की तरफ से किए जा रहे कार्यों के बारे में जनता को जानकारी देंगे।
जनता के बीच जाना है जरुरी
आरसीपी सिंह ने कहा कि सरकार कई दफे काम करने के बावजूद आम लोगों को यह बता नहीं पाती कि उनके हित में क्या-क्या किया गया है। मैं इसी काम को करने जनता के बीच जाऊंगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पटना या दिल्ली में बैठकर जनता के साथ कनेक्शन नहीं जोड़ा जा सकता। इसके लिए जरूरी है कि जनता के बीच जाया जाए। इसकी साथ ही उन्होंने कहा की उन्हें जब भी मौका मिलता है वह अपने गांव चले जाते हैं। उन्हें गांव के लोगों के साथ संवाद से काफी जानकारी मिलती है।
साल 2010 से लगातार संघर्ष जारी
बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने के सवाल पर आरसीपी सिंह ने कहा कि हम ने साल 2010 के बाद लगातार इसे लेकर संघर्ष किया है। इस मुद्दे पर पटना से लेकर दिल्ली तक रैलियां की गई। पार्टी लगातार इसकी मांग करती रही है लेकिन बिहार को विशेष राज्य का दर्जा अब तक नहीं मिला। आज देश के अंदर किसी भी राज्य के नेता की बात सुन लीजिए, वह सभी अपने भाषण के बाद अपने राज्य के लिए विशेष दर्जे की मांग रख देते है। देश का कोई भी ऐसा राज्य नहीं जो विशेष दर्जा नहीं मांग रहा हो। हमारी प्राथमिकता है कि बिहार का विकास होना चाहिए।




















