बिहार के ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल, श्री जानकी जन्मभूमि पुनौरा धाम मंदिर की न्यास समिति (ट्रस्ट बोर्ड) का पुनर्गठन कर दिया गया है। इस नवगठित समिति में बिहार सरकार के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बिहार विधि विभाग द्वारा गुरुवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, ट्रस्ट समिति में कुल 9 सदस्य होंगे। इनमें विकास आयुक्त को उपाध्यक्ष, सीतामढ़ी के जिलाधिकारी (DM) को सचिव तथा डिप्टी डेवलपमेंट कमिश्नर (DDC) को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चुनाव आयोग ने उठाया बड़ा कदम.. बिहार विधानसभा चुनाव से पहले डीलिस्ट किये जायेंगे 345 राजनीतिक दल
इसके अतिरिक्त पुनौराधाम मठ के महंत, पर्यटन विभाग, पथ निर्माण विभाग, नगर विकास विभाग के सचिव तथा तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त को भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। गजट प्रकाशन के साथ ही यह नई समिति औपचारिक रूप से कार्यशील हो गई है। समिति का बैंक खाता अब सचिव और कोषाध्यक्ष संयुक्त रूप से संचालित करेंगे। यह कदम मंदिर के सुव्यवस्थित प्रबंधन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
अयोध्या की तर्ज पर विकसित हो रहा है पुनौरा धाम
गौरतलब है कि पुनौरा धाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है और इसे अयोध्या के राम जन्मभूमि की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। मंदिर परिसर का भव्य निर्माण कार्य बिहार सरकार की देखरेख में तेज़ी से चल रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस प्रस्तावित मंदिर की डिज़ाइन सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा था कि यह मंदिर बिहार के सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनेगा।
उन्होंने विश्वास जताया था कि सरकार इस पवित्र स्थल के विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। श्री जानकी जन्मभूमि पुनौरा धाम न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि बिहार के पर्यटन मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान भी रखता है। ट्रस्ट बोर्ड के इस नए स्वरूप से उम्मीद की जा रही है कि यह क्षेत्र और अधिक संगठित, समृद्ध और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनेगा।