आजादी के अमृत महोत्सव (Azadi Amrit Mahotsav) के तहत भारत के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा नेशनल स्टेकहोल्डर्स कॉन्फ्रेंस आईकॉनिक वीक में बिहार की मुखिया ने कमाल कर दिखाया। इस कार्यक्रम में छत्रहार मुखिया बिहार की आवाज बनी। हालांकि पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली में 11 से 17 अप्रैल तक के लिए किया गया है। वहीं इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए बिहार से कुल 72 पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों का चुनाव किया गया था। वहीं पहले दिन में बिहार, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, गुजरात के मंत्री और ग्राम पंचायत के मुखिया ने हिस्सा लिया।
बिहार की मुखिया को मिला मौका
बता दें कि भारत सरकार के पंचायती राज मंत्री, केंद्रीय विद्युत और नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री समेत अन्य मंत्री इस कार्यक्रम में शामिल हुए। जहां बिहार से पंचायत प्रतिनिधियों में छत्रहार पंचायत की मुखिया अनीता मिश्र को अपना नजरिया सबके समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिला। जिसके बाद मुखिया अनीता मिश्र ने महिला सशक्तिकरण, हर घर में नलजल योजना, गलियों का पक्कीकरण जैसे योजनाओं को हकीकत में जमीनी स्तर पर लाने की बात रखी। इसके अलावा जिला का पहला शौचमुक्त पंचायत बनाने के साथ प्रधानमंत्री के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के बारे में कहा। साथ ही उन्होंने महिलाओं को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की बात की।
संबोधन की हुई सराहना
दरअसल बिहार की मुखिया के संबोधन को कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों ने सराहा। बता दें कि कार्यक्रम में सभी राज्य के हर जिले से एक मुखिया और अन्य प्रतिनिधि भेजे गए थे। जिसमें बिहार से केवल एक व्यक्ति को अपनी बात कहने का मौका मिला। जिसमें बांका का प्रतिनिधित्व कर रही मुखिया अनीता मिश्र को यह मौका मिला।