बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने गुरुवार को पटना के होटल मौर्या में अपना साझा ‘संकल्प पत्र’ जारी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, लोजपा (रा) प्रमुख चिराग पासवान, हम नेता जीतन राम मांझी और रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा समेत NDA के सभी प्रमुख नेता मंच पर मौजूद रहे। घोषणापत्र में बिहार के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए 25 प्रमुख संकल्प लिए गए हैं, जिनमें 1 करोड़ नौकरियां, महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य और किसानों के लिए वार्षिक 9,000 रुपये की सहायता शामिल है।
अनंत सिंह समर्थकों से झड़प में जन सुराज कार्यकर्ता की हत्या के बाद ‘जंगलराज’ पर वार-पलटवार
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने संकल्प पत्र जारी होने के बाद अपनी प्रतिक्रिया में कहा, “मुद्दा केवल विकास का है, बिहार को बदलने का है…2005 के बाद NDA के नेतृत्व में बिहार ने विकास की एक बड़ी यात्रा तय की है…केंद्र की ओर से भी बिहार के विकास से संबंधित अनेकों परियोजनाएं शुरू हुई हैं और उनका लाभ बिहार को मिला है। बिहार में सभी क्षेत्रों में बदलाव हुआ है और बिहार आज प्रगति की राह पर बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है…नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA के सभी घटक दल चुनाव लड़ रहे हैं और हमें विश्वास है कि बड़े अंतर से NDA की सरकार बनेगी और नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनेंगे।”
चौधरी ने बिहार की प्रगति पर जोर देते हुए कहा कि NDA सरकार के नेतृत्व में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व उन्नति की है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महागठबंधन के पास विकास का कोई विजन नहीं है, जबकि NDA बिहार को 21वीं सदी का औद्योगिक और शैक्षणिक हब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।






















