लोकनायक जय प्रकाश नारायण भले ही आज बिहार की राजनीति में हर दल के लिए प्रासंगिक हो गए हों। लेकिन बिहार शहरी अवसंरचना विकास निगम (BUIDCO) इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जेपी की जयंती के लिए गृह मंत्री अमित शाह तीन हफ्ते के अंतराल पर ही दूसरी बार बिहार आ जाते हैं। बिहार के सीएम नीतीश कुमार जेपी की जयंती मनाने नागालैंड चले जाते हैं। लेकिन बुडको है कि उनकी यादों को अपने पंपिंग स्टेशन से कब्जाना चाहता है। बात ऐतिहासिक कांग्रेस मैदान पर कब्जा करने की तैयारी की है। बुडको इस पर कब्जा कर ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
पटना में बढ़ते डेंगू के मामले को देखते हुए स्कूल-कॉलेज को DM ने दिया सख्त निर्देश
2019 में शुरू हुआ था कब्जा
2019 में पटना में हुए जलजमाव के बाद बुडको ने धीरे-धीरे कर मैदान पर कब्जा करना शुरू किया। दैनिक भास्कर, पटना में छपी राकेश रंजन की रिपोर्ट के अनुसार 2020 में पहले एक चौथाई मैदान को घेरकर अस्थाई संप का निर्माण किया। जब स्थानीय लोगों ने विरोध किया, तो कहा गया कि इसे एक साल के भीतर हटा लिया जाएगा। लेकिन, अब तक अस्थाई संप मैदान के एक चौथाई हिस्से पर खड़ा है। यही नहीं आधे मैदान की तार से घेराबंदी हो चुकी है। बुडको का कहना है कि इसमें ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन का निर्माण करना है।
कांग्रेस मैदान से जुड़ी हैं जेपी की यादें
कांग्रेस मैदान भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से भी जुड़ाव रहा है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद, जयप्रकाश नारायण, अनुग्रह नारायण सिन्हा आदि ने इस मैदान में कई बैठकें की है। जेपी और अनुग्रह बाबू के घर से काफी नजदीक होने के कारण यह उनकी रोजाना बैठकों का महत्वपूर्ण स्थान था। एएन सिन्हा का पुराना आवास, मैदान के ठीक सामने और जेपी का आवास मैदान के पीछे महज 300 मीटर की दूरी पर है। एएन सिन्हा की मूर्ति भी यहां स्थापित है।
कब्जा से विधायक अंजान, बुडको तलाश रहा नई जगह
स्थानीय भाजपा विधायक अरुण कुमार सिन्हा का कहना है कि स्थानीय लोगों के हित के अनुसार ही काम होगा। अभी तक किसी प्रकार के विरोध की सूचना नहीं मिली है। लोग मुझे सूचना दें, मैं इस पर विभाग से बात करूंगा। वहीं बुडको के एमडी धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि शहर में 22 जगहों पर नए ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन बनाने के लिए जगह चिन्हित किए गए हैं। कदमकुंआ स्थित कांग्रेस मैदान को यदि डीपीएस के लिए चिन्हित करने से रहवासियों को परेशानी है तो यहां अन्य जगह की तलाश होगी।