झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के प्रखर नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन का सोमवार सुबह दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से किडनी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्हें 19 जून 2025 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्हें ब्रेन स्ट्रोक भी हुआ। कई दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। वे 81 वर्ष के थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिवार से मुलाकात की और दुख की इस घड़ी में सांत्वना दी। भावुक क्षणों में प्रधानमंत्री ने झारखंड के मुख्यमंत्री और शिबू सोरेन के पुत्र हेमंत सोरेन को गले लगाकर ढांढस बंधाया। अस्पताल से सामने आई तस्वीरों में हेमंत सोरेन अपने पिता के निधन से टूटे नजर आए, वहीं उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी नम आंखों से शोक प्रकट करती दिखीं। प्रधानमंत्री मोदी की आंखें भी इस दौरान नम हो गईं, जिससे यह क्षण और भावुक हो उठा।
Shibu Soren के निधन पर नीतीश-मांझी-तेजस्वी हुए भावुक.. खरगे और राहुल ने भी जताया दुख..

शिबू सोरेन के निधन की खबर से झारखंड में गहरा शोक फैल गया है। राज्य सरकार ने उनके सम्मान में तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। शिबू सोरेन का झारखंड की राजनीति और आदिवासी समाज में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक नेताओं में से एक थे और कई बार केंद्र में मंत्री भी रहे। उनके निधन को एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है।






















