नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली अध्यक्ष और मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा सुप्रीम कोर्ट और मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना के खिलाफ की गई विवादास्पद टिप्पणियों को पार्टी का संरक्षण प्राप्त है। एक बयान में भारद्वाज ने कहा, “भाजपा और उनकी केंद्र सरकार की सच्चाई इसी बात से सामने आती है कि एक तरफ भाजपा कहती है कि निशिकांत दुबे जो कह रहे हैं, वह उनका निजी बयान है और हमारा उससे कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन दूसरी तरफ, उनकी सरकार के सॉलिसिटर जनरल उनके खिलाफ अवमानना का केस चलाने की इजाजत नहीं दे रहे हैं।
इसका मतलब साफ है कि निशिकांत दुबे उनके संरक्षण में हैं।” उन्होंने आगे कहा, “इससे यह स्पष्ट होता है कि निशिकांत दुबे जो कुछ भी कह रहे थे, वह भाजपा के संरक्षण में कहा जा रहा था।” यह विवाद तब शुरू हुआ जब निशिकांत दुबे ने वक्फ संशोधन अधिनियम को लेकर सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप पर सवाल उठाते हुए कहा था कि “सुप्रीम कोर्ट देश को अराजकता की ओर ले जा रहा है।” उनकी इस टिप्पणी को लेकर एक वकील ने अटॉर्नी जनरल से उनके खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन अनुमति नहीं मिली। यह घटना आप और भाजपा के बीच दिल्ली में चल रही सियासी तनातनी को और गहरा सकती है। इससे पहले भी दोनों दलों के बीच दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनावों को लेकर तीखी नोकझोंक देखी गई थी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आप की यह रणनीति अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा के उस लक्ष्य को मदद कर सकती है, जिसमें वह कांग्रेस को राष्ट्रीय विपक्ष के रूप में कमजोर करना चाहती है।