बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के अंतिम चरण की सरगर्मियों के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के बिहार चुनाव सह-प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य ने महागठबंधन पर ‘फर्जी घोषणाओं’ का आरोप लगाते हुए एनडीए की जीत का भरोसा जताया है। पटना में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मौर्य ने कहा कि नीतीश कुमार ही बिहार के भविष्य के मुख्यमंत्री होंगे और 14 नवंबर को आने वाले नतीजों के बाद वे फिर से सत्ता संभालेंगे।
मोदी कैबिनेट से 8वें वेतन आयोग को मंजूरी.. 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों को होगा फायदा
मौर्य ने कहा, “महागठबंधन की घोषणा फर्जी है। हमारी 20 साल से घोषणा है। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे, मुख्यमंत्री हैं और 14 नवंबर को चुनाव की नतीजों के बाद एनडीए के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बनेंगे। महागठबंधन का सफाया हो रहा है।” उन्होंने महागठबंधन के वादों को ‘झूठा और भ्रामक’ बताते हुए कहा कि जनता ‘जंगलराज’ की वापसी नहीं चाहती, बल्कि विकास और स्थिरता के पक्ष में है।
मौर्य ने तेजस्वी यादव को महागठबंधन का सीएम फेस बनाए जाने पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की तिकड़ी घोटालों की प्रतीक है। ये लोग बेल पर हैं और जनता का नकाब उतर चुका है। महागठबंधन अब ‘महाठगबंधन’ बन चुका है।” यह टिप्पणी महागठबंधन द्वारा हाल ही में तेजस्वी को सीएम चेहरा घोषित करने के बाद आई है। केशव प्रसाद मौर्य को भाजपा ने बिहार चुनाव के लिए सह-प्रभारी बनाया है, ताकि ओबीसी वोट बैंक, खासकर कोइरी समुदाय को मजबूत किया जा सके। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मुख्य प्रभारी हैं, जबकि सीआर पाटिल भी सह-प्रभारी हैं। मौर्य ने पटना में भाजपा चुनाव समिति की बैठक भी की, जहां हारी हुई सीटों पर फोकस किया गया।






















